Breaking Newsछत्तीसगढ़राज्य

खाकी के परिवारों को राहत: अब पुलिस और जेल कर्मियों के बच्चों को कोचिंग फीस में मिलेगी 50% तक की छूट

रायपुर | प्रदेश के पुलिस और जेल विभाग में सेवा दे रहे जवानों व अधिकारियों के बच्चों के लिए बड़ी खुशखबरी है। अब उनके बच्चों को आईआईटी-जेईई और नीट जैसी महंगी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए कोचिंग फीस में बड़ी राहत मिलेगी। गुरुवार को प्रभारी डीजीपी एवं जेल डीजी हिमांशु गुप्ता की अध्यक्षता में हुई एक अहम बैठक में प्रदेश के दो बड़े कोचिंग संस्थानों ने फीस में 30 से 50 प्रतिशत तक छूट देने पर अपनी सहमति जताई है।

इन संस्थानों में मिलेगा सीधा लाभ
बैठक में हुए निर्णय के अनुसार, रायपुर स्थित आकाश इंस्टीट्यूट में एडमिशन लेने वाले पुलिस और जेल कर्मियों के बच्चों को कुल फीस में 30% से 50% तक का डिस्काउंट दिया जाएगा। वहीं, एलन एकेडमी की रायपुर, भिलाई और बिलासपुर शाखाओं में कोचिंग लेने वाले बच्चों को पूरी फीस में 30% की छूट मिलेगी। यह सुविधा जेईई, नीट के साथ-साथ संस्थानों के अन्य प्रतियोगी कोर्सेज पर भी लागू होगी।

ये अधिकारी और संचालक रहे मौजूद
खाकी के परिवारों पर आर्थिक बोझ कम करने के उद्देश्य से आयोजित इस बैठक में डीसीपी तारकेश्वर पटेल विशेष रूप से मौजूद रहे। वहीं, कोचिंग संस्थानों की ओर से आकाश इंस्टीट्यूट के प्रतिनिधि सतीश कुमार धृतलहरे और एलन एकेडमी के देबाजीत चटर्जी व महेंद्र चंद्रा ने हिस्सा लिया। इस पहल से प्रदेश भर के हजारों पुलिस और जेल कर्मियों के बच्चों को उच्च स्तरीय कोचिंग का लाभ मिल सकेगा।

Related Articles

Back to top button