
रायपुर: उर्वरक वितरण व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से जिले में फ्रेमवर्क फॉर फर्टिलाइजर सेल (एफ एफ एस) प्रणाली के माध्यम से रासायनिक उर्वरकों का विक्रय शुरू किया गया है। नई व्यवस्था के तहत किसानों को अपनी आवश्यकता के अनुसार एफ एफ एस मोबाइल ऐप के माध्यम से पहले उर्वरक की बुकिंग करनी होगी। बुकिंग के उपरांत प्राप्त क्यूआर कोड अथवा टोकन के आधार पर किसान संबंधित उर्वरक विक्रय केंद्र से खाद प्राप्त कर सकेंगे।
नई प्रणाली के अंतर्गत किसान अपनी चयनित फसल और बोए गए अथवा प्रस्तावित रकबे के आधार पर अनुशंसित मात्रा में उर्वरक प्राप्त कर सकेंगे। इससे उर्वरक वितरण में पारदर्शिता सुनिश्चित होने के साथ ही अनावश्यक भंडारण, कालाबाजारी तथा वितरण में होने वाली अनियमितताओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में मदद मिलेगी। साथ ही उर्वरक विक्रय केंद्रों पर लगने वाली अनावश्यक भीड़ और अव्यवस्था से भी राहत मिलेगी। एफ एफ एस प्रणाली के माध्यम से किसानों की पहचान, भूमि एवं फसल संबंधी जानकारी के आधार पर उर्वरक की आवश्यकता का सत्यापन किया जाएगा। उर्वरक विक्रय के समय निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पॉश मशीन के माध्यम से बिक्री की जानकारी दर्ज की जाएगी।
कृषि विभाग द्वारा जिले की समस्त सहकारी समितियों एवं निजी उर्वरक विक्रेताओं को एफ एफ एस प्रणाली के तहत उर्वरक विक्रय के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। कृषि विभाग ने जिले के किसानों से अपील की है कि वे अपने मोबाइल फोन में एफ एफ एस ऐप डाउनलोड कर अपनी आवश्यकता के अनुसार उर्वरक की बुकिंग करें। किसान ऐप के माध्यम से घर बैठे खाद की बुकिंग कर सकते हैं और प्राप्त क्यूआर कोड आधारित टोकन के माध्यम से नजदीकी सहकारी समिति अथवा निजी उर्वरक विक्रय केंद्र से अपनी फसल के लिए आवश्यक उर्वरक प्राप्त कर सकेंगे।



