
दुर्ग। भारतीय जनता पार्टी सिकोलाभाठा पटरीपार मंडल द्वारा शुक्रवार, 11 सितंबर को जयंती नगर स्थित कर्माभवन में एकदिवसीय मंडल स्तरीय सेवा संकल्प कार्यशाला एवं मंडल कार्यसमिति की बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम में आगामी सेवा संकल्प अभियान को बूथ स्तर तक प्रभावी रूप से संचालित करने तथा संगठन को और मजबूत बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि भाजपा जिला अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक एवं विशेष अतिथि दुर्ग शहर की महापौर अलका बाघमार ने भारत माता एवं महापुरुषों के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद वंदे मातरम एवं राजकीय गीत ‘अरपा पैरी’ का सामूहिक गान हुआ। कार्यकर्ताओं ने वंदे मातरम, भारत माता की जय और जय छत्तीसगढ़ के उद्घोष के साथ कार्यक्रम में उत्साह का संचार किया। संगठन गीत मंडल सह मीडिया प्रभारी मंगेश बोकारे ने प्रस्तुत किया।
मंडल अध्यक्ष मनमोहन शर्मा ने स्वागत उद्बोधन देते हुए मंडल में आयोजित संगठनात्मक गतिविधियों का विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने आगामी पार्टी कार्यक्रमों को बूथ स्तर तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिला अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए राष्ट्र प्रथम और संगठन सर्वोपरि का भाव महत्वपूर्ण है। उन्होंने संगठन के कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से क्रियान्वित करने और सेवा संकल्प अभियान को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को प्रेरित किया।
महापौर अलका बाघमार ने कहा कि मंडल के प्रत्येक वार्ड में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता सक्रिय रूप से पार्टी की रीति-नीति के अनुरूप कार्य करें। उन्होंने कहा कि जिन वार्डों में भाजपा के पार्षद नहीं हैं, वहां संगठन को विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। बूथ स्तर पर जनता की समस्याओं को समझकर उनके समाधान के लिए प्रयास किए जाने चाहिए, जिससे जनता का विश्वास संगठन के प्रति और मजबूत हो।
मंडल प्रभारी सरिता मिश्रा ने सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रमों के संयोजकों एवं टोली प्रमुखों की जिम्मेदारियों पर प्रकाश डालते हुए सभी कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।
जिला भाजपा के मुख्य वक्ता एवं महामंत्री विनोद अरोरा तथा जिला कार्यकारिणी सदस्य डॉ. मानसी गुलाटी ने सेवा संकल्प अभियान की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा एवं समर्पण के अवसर पर ‘सेवा संकल्प अभियान—जन सेवा ही प्रभु सेवा’ का आयोजन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक किया जाएगा। इस दौरान अभियान के आठ प्रमुख बिंदुओं के माध्यम से विभिन्न सेवा एवं जनहितकारी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
कार्यक्रम का संचालन मंडल महामंत्री मन्नू साहू ने किया। समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। आभार प्रदर्शन मंडल मीडिया प्रभारी धनंजय ठाकुर ने किया।
कार्यक्रम में पूर्व पार्षद एवं जिला प्रवक्ता अरुण सिंह, दुर्ग नगर निगम एमआईसी सदस्य एवं पीडब्ल्यूडी प्रभारी पार्षद देवनारायण चंद्राकर, जिला आईटी सेल अध्यक्ष जितेंद्र राजपूत, सह कार्यालय मंत्री जय श्री राजपूत, वरिष्ठ कार्यकर्ता के.एस. ओझा, सहित मंडल के विभिन्न वार्डों के पार्षद, पदाधिकारी, महिला मोर्चा, युवा मोर्चा, किसान मोर्चा, एसटी मोर्चा, ओबीसी मोर्चा, एससी मोर्चा एवं अल्पसंख्यक मोर्चा के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




