
रायपुर: भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की पहल ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग’ के माध्यम से जशपुर जिले के युवाओं को अपनी प्रतिभा, नवाचार और नेतृत्व क्षमता को राष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आयोजित इस पहल में युवाओं को विकसित भारत के निर्माण को लेकर अपने विचार और दृष्टिकोण साझा करने का अवसर प्रदान किया जा रहा है।
जशपुर जिले में भी मेरा युवा भारत (MY Bharat) के माध्यम से युवाओं को इस अभियान से जोड़ने के लिए विभिन्न जागरूकता एवं सहभागिता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। जिले के युवा 25 सितंबर 2026 तक आयोजित क्विज में भाग लेकर इस महत्वपूर्ण पहल का हिस्सा बन सकते हैं। इस पहल की प्रक्रिया क्विज से प्रारंभ होकर जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचेगी। विभिन्न चरणों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं को अपनी प्रतिभा, विचारों और नेतृत्व क्षमता को व्यापक मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।
युवा होंगे राष्ट्र निर्माण के सक्रिय भागीदार
विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग का उद्देश्य युवाओं को केवल कार्यक्रमों में सहभागी बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें नीति निर्माण, नवाचार और राष्ट्र विकास के सक्रिय भागीदार के रूप में तैयार करना है। शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार, उद्यमिता, प्रौद्योगिकी, पर्यावरण और सामाजिक विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर युवाओं के विचारों एवं सुझावों को इस पहल के माध्यम से प्रोत्साहित किया जाएगा।
युवा संगठनों और शैक्षणिक संस्थानों से भी सहभागिता की अपील
मेरा युवा भारत, जशपुर ने जिले के सभी पात्र युवाओं, युवा संगठनों, महाविद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों से जुड़े युवाओं से अपील की है कि वे निर्धारित अंतिम तिथि 25 सितंबर 2026 से पहले अधिक से अधिक संख्या में क्विज में भाग लें। यह पहल जशपुर के युवाओं के लिए अपनी प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता को जिला स्तर से राष्ट्रीय स्तर तक पहचान दिलाने का महत्वपूर्ण अवसर है।




