
देहरादून। उत्तराखंड के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने सोमवार को मसूरी विधानसभा क्षेत्र के बुरांशखंडा में किसानों को निशुल्क मटर और अन्य सब्जियों के बीज वितरित किए। उन्होंने उद्यान विभाग को क्षेत्र में सेब और कीवी के बागानों का विस्तार करने तथा नाबार्ड के सहयोग से अधिक से अधिक किसानों को पॉलीहाउस योजना से जोड़ने के निर्देश दिए।
उद्यान विभाग की बागवानी मिशन योजना के तहत आयोजित कार्यक्रम में मंत्री ने किसानों से संवाद कर उन्हें केंद्र और राज्य सरकार की कृषि एवं बागवानी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। इसके बाद मसूरी स्थित पिचकर पैलेस में भी वर्षाकालीन पौध और सब्जियों के बीज वितरित किए गए।
गणेश जोशी ने कहा कि बुरांशखंडा में जल्द ही सचल दल केंद्र स्थापित किया जाएगा, जिससे किसानों को तकनीकी सलाह और कृषि संबंधी सेवाएं स्थानीय स्तर पर मिल सकेंगी। उन्होंने अधिकारियों को आधुनिक खेती और बागवानी तकनीकों पर नियमित प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश भी दिए।
मंत्री ने सुवाखोली में विशेष शिविर लगाकर किसानों को कृषि और उद्यान विभाग की योजनाओं की जानकारी देने तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए आधुनिक बागवानी, उच्च गुणवत्ता वाले बीज, पॉलीहाउस, सिंचाई, प्रशिक्षण और तकनीकी सहायता जैसी योजनाओं पर लगातार काम कर रही है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य वीर सिंह चौहान, ग्राम प्रधान पूनम देवी, मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल, कुशाल राणा, अनुज कौशल, संजय राणा, श्याम सिंह, मुख्य उद्यान अधिकारी डी.के. तिवारी सहित बड़ी संख्या में किसान और स्थानीय लोग मौजूद रहे।




