
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने चांदनी बिहारपुर को दी एम्बुलेंस की सौगात,दिखाई हरी झण्डी
रायपुर, 29 जुलाई 2026/ महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होना जीवन रक्षा के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, विशेषकर गर्भवती महिलाओं, दुर्घटना में घायल व्यक्तियों तथा गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों के लिए। नई एम्बुलेंस सेवा चांदनी बिहारपुर और आसपास के गांवों के लिए आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित स्वास्थ्य सहायता सुनिश्चित करेगी।
प्रदेश के दूरस्थ अंचलों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ एवं सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने आज सूरजपुर जिले के चांदनी बिहारपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र से नई एम्बुलेंस को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया।
लगभग 18 लाख रुपये की लागत से उपलब्ध कराई गई यह एम्बुलेंस अब क्षेत्र में आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाएगी। इस पहल से 28 ग्राम पंचायतों में निवासरत 39 हजार 325 से अधिक लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।
अब तक चांदनी बिहारपुर क्षेत्र के ग्रामीणों को गंभीर बीमारी, दुर्घटना या प्रसव जैसी आपात परिस्थितियों में इलाज के लिए दूरस्थ शहरों पर निर्भर रहना पड़ता था। कई बार समय पर वाहन उपलब्ध नहीं होने के कारण मरीजों और उनके परिजनों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। नई एम्बुलेंस सेवा शुरू होने से अब मरीजों को त्वरित रूप से सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र या आवश्यकता पड़ने पर उच्च चिकित्सा संस्थानों तक पहुंचाना संभव हो सकेगा।
मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि छत्तीसगढ़ शासन महिलाओं, बच्चों और आमजन के स्वास्थ्य संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है तथा प्रत्येक गांव और प्रत्येक परिवार तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि यह एम्बुलेंस ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच को मजबूत करने के साथ-साथ लोगों में स्वास्थ्य व्यवस्था के प्रति विश्वास को भी सुदृढ़ करेगी।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने इस सुविधा के लिए राज्य शासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नई एम्बुलेंस से क्षेत्र के लोगों को समय पर उपचार मिलने में बड़ी सहायता मिलेगी और स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति भरोसा और मजबूत होगा।




